दोस्तों, आप सभी का मेरे ब्लॉग पर हार्दिक स्वागत है। आज मैं अपनी अहमदाबाद यात्रा का वृतांत लिख रहा हूँ । यह २ दिन की यात्रा सुहाने मौसम और हलकी हलकी फुहारों के वजह से और भी शानदार रही।वैसे तो भारत देश कर हर शहर अपने खाने पीने के लिए मशहूर है परन्तु कुछ खास शहर ऐसे हैं जहाँ खाने की इतनी विविधताएँ हैं कि आपका टाइम कम पड़ जाये पर आप खाने की वैरायटी को पूरी तरह से एक्स्प्लोर ही नहीं कर पाते हैं।अहमदाबाद भी ऐसा ही एक शहर है।
जुलाई 2018 के दुसरे हफ्ते में अहमदाबाद जाने का कार्यक्रम बना और झटपट दोनों तरफ की ट्रैन टिकट बुक करा डाली । दोनों ही तरफ की टिकट राजधानी एक्सप्रेस के 3rd AC कोच में बुक हुई। क्यूंकि ये सफर सिर्फ १३ घंटो का है इसलिए आप आराम से रात भर सोते सोते अपनी यात्रा कर सकते हैं । राजधानी एक्सप्रेस शाम 7:55 पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नो. १ से चलती है। मैं शाम को 6:30 बजे घर से कैब से निकला। शाम का समय होने के कारण सड़कों पर काफी जाम था। तक़रीबन साढ़े सात बजे मैं स्टेशन पहुँच गया। देखा तो ट्रैन अभी प्लेटफार्म पर नहीं आयी थी। यात्रीगण अपने अपने सामान के साथ प्लेटफार्म पर ट्रैन के आने का इंतजार कर रहे थे। IRCTC स्टाफ के मेंबर्स ट्रैन के भोजन को बड़ी बड़ी क्रेटस में डाल कर निश्चित जगह पर बैठे थे ताकि ट्रैन आते ही भोजन डब्बे में चढ़ाया जा सके।